हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र में भीषण जल संकट, नहरबंदी के चलते गांवों में पानी की भारी किल्लत
पैंतालिसा क्षेत्र के गांवों में पीने के पानी का गंभीर संकट
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद : राजस्थान की सीमा से सटे ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के पैंतालिसा क्षेत्र के गांवों में लम्बी नहरबंदी के कारण भयंकर गर्मी में पेयजल संकट गहरा गया है। जल घरों की डिग्गियों में पानी खत्म हो चुका है, जिससे घरों में सप्लाई पूरी तरह ठप है। ग्रामीण अब नलकूपों के खारे पानी को 700–800 रुपये प्रति टैंकर की दर से खरीदकर पीने को मजबूर हैं।
“हर घर नल, हर घर जल” योजना बनी मजाक: ग्रामीण
ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार की “हर घर नल, हर घर जल” योजना सिर्फ एक ढकोसला बनकर रह गई है। नल तो हैं, पर उनमें पानी नहीं। कड़ी धूप और खेतों में मेहनत करने के बाद घर लौटने पर पानी भी मयस्सर नहीं है।
करीब एक माह से जल घरों की डिग्गियां खाली
गुसाईआना, कुम्हारिया, हजीरा, जसानिया, कागदाना, राजपुरा साहनी, जोगीवाला, जमाल, बरासरी, रायपुर, नाथूसरी चोपटा सहित दर्जनों गांवों में एक महीने से जल घरों की डिग्गियां सूखी पड़ी हैं। ग्रामीणों को हर दिन पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
पेयजल केंद्रों में स्टॉक व्यवस्था नाकाफी
पैंतालिसा क्षेत्र के अधिकांश गांवों में बने पेयजल केंद्रों में लंबे समय तक जल स्टॉक की व्यवस्था नहीं है। नहरबंदी के चलते स्टॉक खत्म हो चुका है। कुछ गांवों में ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई दी जा रही है, लेकिन जहां ट्यूबवेल नहीं हैं वहां सप्लाई पूरी तरह बंद है।
नहर के टेल पर बसे गांवों में सबसे ज्यादा संकट
चौपटा क्षेत्र के खेड़ी, गुसाईआना, जमाल, वरूवाली, ढूकड़ा, गुडियाखेड़ा जैसे टेल गांवों में नहर का पानी नहीं पहुंचता, जिससे हर गर्मी में वहां पानी की भीषण समस्या बनी रहती है। इन गांवों में पानी की सप्लाई या तो बहुत कम है या बिल्कुल नहीं।
विधायक बैनीवाल ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनीवाल ने विधानसभा सत्र में इस गंभीर समस्या को जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि जल संकट को लेकर सरकार को ठोस और त्वरित कदम उठाने होंगे।
ग्रामीणों की पीड़ा: टैंकर से खारा पानी, बीमारियों का डर
ग्रामीणों जगदीश, महावीर, विमला देवी, संतोष व अन्य ने बताया कि कटाई के सीजन में पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है, लेकिन वे टैंकर से खारा पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
वरूवाली नहर में शुरू हुई जल आपूर्ति, शेरांवाली नहर में जल्द शुरू होने की उम्मीद
सिंचाई विभाग ने शनिवार को चौपटा क्षेत्र की वरूवाली नहर में पानी छोड़ा, जिससे माखोसरानी, लुदेसर, रायपुर, ढूकड़ा, गुडियाखेड़ा जैसे गांवों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, शेरांवाली नहर में एक मई से पानी छोड़ा जाएगा।
जल संकट से निपटने की व्यवस्था की जा रही है: जन स्वास्थ्य विभाग
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ संदीप मेहता ने बताया कि नहरों में पानी आ गया है और जल्द ही जल घरों की डिग्गियों को भरकर पेयजल आपूर्ति नियमित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से प्रयास जारी हैं कि किसी गांव में पानी की कमी न हो।
हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र में जल संकट एक विकराल समस्या बन चुका है। प्रशासन को चाहिए कि संकट की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे ताकि ग्रामीणों को गर्मी में राहत मिल सके।
