हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी : उपायुक्त विक्रम सिंह

गर्मी में एहतियात बरतना बेहद जरूरी : उपायुक्त

फरीदाबाद, 27 अप्रैल। बढ़ते तापमान के चलते हीट स्ट्रोक और लू (हीट वेव) से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और धूप में अधिक समय बिताने वालों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बचाव ही इलाज से बेहतर है, इसलिए जारी की गई एडवाइजरी का सभी को पालन करना चाहिए।

हीट स्ट्रोक और लू से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय

उपायुक्त ने बताया कि हीट स्ट्रोक व लू से बचने के लिए निम्न उपाय अपनाना जरूरी है:

  • स्थानीय मौसम समाचारों के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों का सहारा लें।

  • हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें।

  • सिर को टोपी, स्कार्फ या छाते से ढककर रखें।

  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।

  • ओआरएस, लस्सी, मठा, छाछ और नींबू पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करें।

  • पार्किंग में बच्चों को वाहन में अकेला न छोड़ें।

  • नंगे पांव बाहर न निकलें।

  • हाथ का पंखा साथ रखें और समय-समय पर विश्राम करें।

  • खेतों में काम करते समय छाया में विश्राम करें।

  • जंक फूड से परहेज करें और ताजे फल, सलाद व घर का बना भोजन खाएं।

  • दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें।

वृद्ध और बीमार व्यक्तियों की विशेष देखभाल करें

उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान वृद्धों और कमजोर व्यक्तियों की विशेष देखभाल करें।

  • दिन में कम से कम दो बार उनकी स्थिति जांचें।

  • यदि बेचैनी महसूस करें तो उन्हें ठंडक दें — नहलाएं या गीले तौलिये का उपयोग करें।

  • उनके पास मोबाइल फोन उपलब्ध रखें।

  • डॉक्टर या एम्बुलेंस की सहायता तुरंत उपलब्ध कराएं।

  • उन्हें हमेशा पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दें।

तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें

उपायुक्त ने कहा कि गर्मियों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए भरपूर पानी पीना जरूरी है।

  • शरीर से पसीने के साथ पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिसे पूरा करना आवश्यक है।

  • गर्मी में सामान्य से आधा लीटर से एक लीटर अधिक पानी पिएं।

इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति भी है जरूरी

उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि केवल पानी ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई के लिए भी ध्यान देना जरूरी है।

  • दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं।

  • नींबू पानी में थोड़ा नमक और चीनी मिलाकर पिएं।

  • नारियल पानी सबसे अच्छा विकल्प है, जो शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई करता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.