अलवर, 25 अप्रैल — अलवर जिला व्यापार महासंघ की ओर से आज पुरुषार्थी धर्मशाला, अशोका टॉकीज पर एक आपात बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रमेश जुनेजा ने की, जिसमें जिले के समस्त व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष और मंत्री उपस्थित रहे।
बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों पर हुए हमले और उनकी निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की गई। शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और आतंकवादी ताकतों के विरुद्ध एकजुटता दिखाने के उद्देश्य से 29 अप्रैल मंगलवार को पूरे अलवर जिले में स्वैच्छिक बंद का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष रमेश जुनेजा और महामंत्री मुकेश विजय ने उन व्यापारिक संगठनों के अध्यक्षों से भी फोन पर सहमति ली जो किन्हीं कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सके थे, जिसमें सब्जी मंडी, कृषि उपज मंडी और विभिन्न तहसीलों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
महासंघ ने निर्णय लिया कि इस स्वैच्छिक बंद को सफल बनाने के लिए समस्त व्यापारिक, धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से समर्थन लिया जाएगा।
व्यापार महासंघ ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे देशहित के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर एकजुट होकर बंद को सफल बनाएं।
