रामपुर विकास प्राधिकरण के इतिहास में लैंड बैंक के अंतर्गत हुई पहली रजिस्ट्री
आवासीय योजना के अंतर्गत नए रामपुर शहर को विकसित करने की कवायद तेज, बढ़पुरा शर्की के काश्तकार ने प्राधिकरण के नाम दर्ज कराई 1.461 हेक्टेयर भूमि
रामपुर: मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आवासीय योजना को विकसित करने की दिशा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई। रामपुर विकास प्राधिकरण आवासीय योजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एवं सुव्यवस्थित नए रामपुर शहर को विकसित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा चुका है। जिलाधिकारी/उपाध्यक्ष रामपुर विकास प्राधिकरण जोगिंदर सिंह के नेतृत्व में आवासीय योजना को विकसित करने के लिए पहाड़ी, भमरौआ, बढ़पुरा शर्की और ताशका ग्रामों के अंतर्गत आने वाली करीब 68.8687 हेक्टेयर जमीन का क्रय किसानों से आपसी सहमति के आधार पर किया जा रहा है। रामपुर में विकास प्राधिकरण का गठन 15 अप्रैल 2005 को हुआ था। रामपुर विकास प्राधिकरण के इतिहास में 20 वर्षों के बाद पहली बार प्राधिकरण का अपना लैंड बैंक अर्जित किया जा रहा है। रामपुर विकास प्राधिकरण के लैंड बैंक में 21 अप्रैल 2025 को ग्राम बढ़पुरा शर्की के स्थानीय काश्तकार द्वारा 1.461 हेक्टेयर भूमि की प्रथम रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में कराई गई है, इस रजिस्ट्री के सापेक्ष आपसी सहमति से निर्धारित धनराशि काश्तकार को शहर विधायक आकाश सक्सेना की उपस्थिति में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा चेक के माध्यम से प्रदान की गई।
रामपुर को आवासीय योजना से आच्छादित करना जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रामपुर शहर में प्रस्तावित आवासीय योजना में करीब 1750 प्लॉट आवंटित किया जाना है जो 75 वर्ग मीटर से लेकर 1000 वर्ग मीटर आकार तक के होंगे।
योजना में 9 मीटर से लेकर 30 मीटर तक की सड़क, सीवर लाइन, अंडरग्राउंड विद्युत व्यवस्था, ओवरहेड टैंक, पार्क, विद्यालय, पुलिस स्टेशन एवं कमर्शियल दुकानों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। आवासीय योजना की सबसे खास बात यह है कि इसका 15 प्रतिशत भाग पार्क और ग्रीन बेल्ट के रूप में आरक्षित किया गया है साथ ही रामपुर विकास प्राधिकरण का कार्यालय तथा आवासीय परिसर भी इस योजना के अंतर्गत ही विकसित किया जाएगा। इसके अलावा करीब 30 एकड़ भूमि पर कोर्ट परिसर एवं विभिन्न विभागों के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने की भी योजना प्रस्तावित है।
