टीबी मरीजों को गोद लेने का कार्यक्रम आयोजित, योग टीम संस्था ने बढ़ाया मानवीय सरोकार

बदायूं, 18 अप्रैल 2025। आज डाइट ऑडिटोरियम बदायूं में जिला क्षय रोग अधिकारी की अध्यक्षता में टीबी रोगियों के समर्थन हेतु “टीबी मरीजों को गोद लेने” के विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर योग टीम संस्था के योगाचार्य श्री गिरधारी लाल एवं उनके सदस्यों द्वारा 20 टीबी मरीजों को गोद लिया गया।

गोद लिए गए सभी मरीजों को तीसरी पोषण पोटली उपलब्ध कराई गई तथा उनके इलाज की समाप्ति तक उनके स्वास्थ्य की पूर्ण जिम्मेदारी योग टीम संस्था द्वारा ली गई है। जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि नियमित 6 माह का इलाज लेने पर टीबी रोगी पूरी तरह से स्वस्थ हो सकता है। इसके साथ ही “निश्चय पोषण योजना” के अंतर्गत मरीजों को ₹1000 प्रति माह की सहायता डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में दी जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी मरीज इलाज बीच में न छोड़े, क्योंकि अधूरा इलाज टीबी को और भी खतरनाक बना सकता है। वर्तमान में जिले में 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक 20 दिवसीय दस्तक अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों की पहचान कर संभावित टीबी मरीजों की जांच एवं एक्स-रे करवा रही हैं ताकि कोई भी रोगी इलाज से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य सदस्य:
योगाचार्य श्री गिरधारी सिंह राठौर के साथ संस्था के सदस्य भीम सेन सागर, योगेंद्र पाल सिंह, एम.पी. सिंह, वीरेंद्र कुमार, चंद्र प्रकाश, सुरेंद्र पाल सिंह, नवल किशोर, नरेश कुमार सिंह राठौर, पी.के. शर्मा, के.सी. लाल, संदीप राजपूत, सूरज पाल सिंह यादव, सुदेश सक्सेना, शाहिद हुसैन एवं उमाशंकर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जिला क्षय रोग अधिकारी ने योग टीम संस्था के समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल न केवल मरीजों को आर्थिक और मानसिक संबल देती है, बल्कि समाज में टीबी के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं से भी अपील की कि आगे आकर ऐसे पुण्य कार्यों में सहभागी बनें और टीबी उन्मूलन अभियान को गति दें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.