मेरठ: ‘कातिल बीवी’ और ‘जहरीले सांप’ की खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का खुलासा
सांप के काटने की झूठी कहानी, निकली सुनियोजित हत्या की साजिश
मेरठ: दो दिन पहले अमित कश्यप उर्फ मिक्की की संदिग्ध मौत के मामले ने अब खौफनाक मोड़ ले लिया है। शुरुआत में ऐसा प्रतीत हुआ कि अमित की मौत एक जहरीले वाइपर सांप के काटने से हुई है, क्योंकि उसकी लाश के पास एक वाइपर सांप भी पाया गया था और बताया गया कि सांप ने उसे 10 बार डंसा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला सच, निकला गला घोंटकर कत्ल
जब पुलिस ने अमित के शव का पोस्टमार्टम कराया तो सच्चाई सामने आई। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अमित की मौत सांप के जहर से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद मामले की जांच ने एक नया मोड़ लिया।
पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप की साजिश
पुलिस ने जब अमित की पत्नी रविता से सख्ती से पूछताछ की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर इस कत्ल की साजिश रची थी। दोनों ने एक सपेरे से मात्र हजार रुपये में एक जहरीला वाइपर सांप खरीदा।
पहले की हत्या, फिर बनाया सांप द्वारा मौत का नाटक
साजिश के तहत अमित की पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर वाइपर सांप को उसकी लाश के नीचे छोड़ दिया गया। गुस्से में आए सांप ने लाश को करीब 10 बार डंस लिया, जिससे यह प्रतीत हो कि मौत सांप के काटने से हुई है।
सबसे ज़हरीली प्रजाति का था वाइपर सांप
पुलिस के अनुसार, वाइपर सांपों को सबसे ज़हरीली प्रजातियों में गिना जाता है। लेकिन यह घटना किसी सांप के हमले की नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या की थी।
दोनों आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
फिलहाल कातिल पत्नी रविता और उसका प्रेमी अमरदीप पुलिस हिरासत में हैं और दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि सपेरे की भूमिका इस वारदात में कितनी थी।
