रामपुर डीएम ने नगर पालिका में मारा छापा, ईओ को लगाई फटकार, गंदगी व अनियमितताओं पर जताई नाराजगी

रामपुर: रामपुर में नगर पालिका परिषद की लापरवाहियों पर लगाम कसते हुए जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने आज अचानक नगर पालिका कार्यालय पर छापा मारा। डीएम के औचक निरीक्षण से नगर पालिका में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान गंदगी, फाइलों में अनियमितता, कर्मचारियों की गैरहाजिरी और बदइंतजामी को देखकर डीएम ने ईओ को कड़ी फटकार लगाई।

डीएम पहुंचे हर कोने में, छत तक किया निरीक्षण
जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने नगर पालिका के एक-एक कमरे का निरीक्षण किया। उन्होंने नीचे से लेकर ऊपर तक हर हिस्से की स्थिति का जायजा लिया। यहां तक कि छत पर जमा कचरे और गंदगी को देखकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान ईओ नगर पालिका लगातार उनके साथ मौजूद रहे और जवाब देते नजर आए।

समाजसेवी अर्श इकबाल की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बता दें कि रामपुर के समाजसेवी व एडवोकेट अर्श इकबाल द्वारा नगर पालिका की गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार लिखित शिकायतें जिलाधिकारी से की गई थीं। उन्हीं शिकायतों के आधार पर डीएम ने खुद मौके पर जाकर स्थिति की सच्चाई जांची और पाया कि आरोपों में दम है।

कई कर्मचारी मिले अनुपस्थित, फाइलों में गड़बड़ियां उजागर
निरीक्षण के दौरान डीएम को कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। पंजीका, सेवाएं रजिस्टर और अन्य जरूरी दस्तावेजों में भारी अनियमितता पाई गई। छुट्टियों का कोई विवरण उपलब्ध नहीं था। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने दिए 7 दिन का अल्टीमेटम
डीएम जोगिंदर सिंह ने कहा कि नगर पालिका की खामियों को सुधारने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में सुधार नहीं हुआ तो दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिष्ठान पटलों की स्थिति बेहद खराब है और सुधार आवश्यक है।

गिरफ्तारी नहीं, लेकिन चेतावनी स्पष्ट
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर डीएम ने बताया कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जिन कर्मचारियों की फाइलों में गड़बड़ियां पाई गई हैं, उन्हें चेतावनी दी गई है और अल्टीमेटम जारी किया गया है।

रामपुर डीएम के इस अचानक छापे से साफ हो गया है कि प्रशासन अब नगर निकाय की लापरवाही को गंभीरता से ले रहा है। जनता और समाजसेवियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई प्रशासन की जवाबदेही को दर्शाती है। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका इन सात दिनों में अपनी व्यवस्था सुधार पाती है या आगे और कड़ी कार्रवाई का सामना करती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.