तिजारा: वन्य जीव तस्करी के मामले में एक युवक तीन जीवित उल्लुओं के साथ गिरफ्तार
हसनपुर रोड पर वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
तिजारा: तिजारा थाना क्षेत्र में वन्य जीव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी रणजीत सिंह खीचड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मुरादबास निवासी इमामुल उर्फ मुबीन को तीन जीवित उल्लुओं के साथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई तस्करों पर कार्रवाई
7 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हसनपुर रोड पर घेराबंदी कर वन विभाग की टीम ने आरोपी को पकड़ा। उसके पास से तीन जीवित उल्लुओं के अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
उल्लू हैं संरक्षित प्राणी, व्यापार करना दंडनीय अपराध
वन अधिकारियों के अनुसार उल्लू वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित प्राणी की श्रेणी में आता है। इसका शिकार या व्यापार करना कानूनन अपराध है।
पकड़े गए उल्लू मुरादाबाद से लाए गए थे
पूछताछ में आरोपी इमामुल ने बताया कि उसने ये उल्लू मुरादाबाद के पहाड़ी क्षेत्रों से पकड़े थे और बेचने की फिराक में था।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
8 अप्रैल को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 21 अप्रैल 2025 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन विभाग द्वारा मामले की जांच आगे भी जारी है।
