टपूकड़ा: रसोई गैस की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

नूंह चौक पर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, रखे सिलेंडर और की नारेबाज़ी

टपूकड़ा: टपूकड़ा कस्बे के नूंह चौक पर रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ज़िलाध्यक्ष पवन खटाना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर सिलेंडर रखकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की और मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की।

गरीबों पर बढ़ा आर्थिक बोझ: पवन खटाना
युवा कांग्रेस ज़िलाध्यक्ष पवन खटाना ने कहा कि केंद्र सरकार ने उज्जवला योजना के तहत गरीबों को गैस कनेक्शन तो दिए, लेकिन अब गैस के दाम बढ़ाकर उन्हीं गरीबों के लिए रसोई चलाना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में लगातार गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आमजन त्रस्त है।

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में गिरावट, फिर भी भारत में राहत नहीं
पवन खटाना ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों में कोई राहत नहीं दी जा रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने और केवल पूंजीपतियों के हित साधने का आरोप लगाया।

सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया प्रदर्शन में हिस्सा
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के ज़िला महासचिव मुबारक, नाज़िम ख़ान, मीडिया प्रभारी नदीम ख़ान, सकील ख़ान पार्षद, बंटी शर्मा, मोटा ख़ान, हरीकृष्ण, सतपाल चौहान, विक्रम चौहान, श्याम शेखावत, एमडी यादव, रोहित रोहीला, राकेश यादव, रुक्कू, भगत सिंह, भजन भाड़ाना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मांग: तुरंत वापस ली जाए मूल्य वृद्धि
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस की कीमत में की गई वृद्धि को अविलंब वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और घरेलू खर्चों का संतुलन बिगड़ने से रोका जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.