जयपुर: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता (XEN) हरिप्रसाद मीणा के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। मीणा पर आय से लगभग 200 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
यह छापेमारी ACB के डीआईजी राहुल कोटोकी की निगरानी में तथा डीजी रविप्रकाश मेहरड़ा और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई।
5 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
ACB टीम ने एक साथ जयपुर और दौसा स्थित मीणा के निम्नलिखित पांच ठिकानों पर रेड डाली:
यूनिक एम्पोरिया, वीआईटी रोड, जगतपुरा, जयपुर
यूनिक न्यू टाउन, महिमा पनोरमा के पीछे, जगतपुरा, जयपुर
गांव बगड़ी, तहसील लालसोट, जिला दौसा स्थित फार्म हाउस
PWD कार्यालय, ब्लॉक दूदू, जयपुर
फ्रेंड्स कॉलोनी, नरैना रोड, दूदू स्थित किराये का मकान
खुली मीणा की लग्ज़री लाइफस्टाइल की पोल
प्रारंभिक जांच में ACB को मीणा के पास कई बेनामी संपत्तियों और महंगी सुविधाओं के सबूत मिले हैं। इनके पास दो ऑडी कारें, एक स्कॉर्पियो, फोर्ड एंडेवर SUV, रॉयल एनफील्ड बाइक, यूनिक एम्पोरिया व यूनिक न्यू टाउन में तीन महंगे फ्लैट, दौसा जिले के बगड़ी गांव में एक शानदार फार्म हाउस, विदेश यात्राओं और लग्जरी होटलों में ठहरने की जानकारी सामने आई है।
इतना ही नहीं, मीणा के नाम 19 बैंकों में खाते हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई है। कई बैंकों से लिए गए भारी भरकम लोन को भी संदिग्ध रूप से कम समय में चुकता किया गया है।
आय और संपत्ति में भारी असंतुलन
ACB के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मीणा की वैध आय, पद और उनके द्वारा अर्जित की गई संपत्तियों के बीच गंभीर असंतुलन है। सभी दस्तावेजों, डिजिटल डेटा, पासबुक और प्रॉपर्टी डील्स की गहन जांच जारी है। जल्द ही संपत्तियों का मूल्यांकन कर आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, यदि संपत्तियों और लेन-देन की पुष्टि हो जाती है और उनके स्रोतों की संतोषजनक जानकारी नहीं मिलती, तो हरिप्रसाद मीणा की गिरफ्तारी जल्द ही हो सकती है। ACB ने छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्य में लगातार सामने आ रहे ऐसे भ्रष्टाचार के मामलों से साफ है कि ACB की सख्ती से कई अधिकारियों की नींद उड़ चुकी है, और आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
