रक्षा सचिव की बेंगलुरु में ब्रिटेन और इटली के साथ द्विपक्षीय बैठकें

बेंगलुरु: रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 11 फरवरी, 2025 को बेंगलुरु में आयोजित 15वें एयरो इंडिया के दौरान ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स के मंत्री लॉर्ड वर्नोन कोकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा की गई, विशेष रूप से औद्योगिक और समुद्री क्षेत्र में जारी सहयोग पर चर्चा की गई। राजेश कुमार सिंह ने इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन और एयरो इंजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक के बाद, रक्षा सचिव ने लॉर्ड कोकर और भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून के साथ ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद की गोलमेज बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस बैठक में भारतीय और ब्रिटिश रक्षा कंपनियों के बीच मौजूदा और भविष्य की संयुक्त परियोजनाओं पर काम करने के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ब्रिटेन के कई प्रमुख रक्षा उद्योगों ने भाग लिया, जबकि भारतीय उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स ने किया।

इसके बाद, रक्षा सचिव ने इटली के रक्षा उप-मंत्री माटेओ पेरेगो डि क्रेमनागो के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग गतिविधियों को बढ़ाने के तरीकों और उपायों पर चर्चा की, जिसमें सामुद्रिक और हवाई सेवाओं में आदान-प्रदान बढ़ाने के साथ-साथ भारत और इटली की कंपनियों के लिए संयुक्त परियोजनाओं के अवसर शामिल थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.