रामपुर: रज़ा पुस्तकालय के पुस्तकालय एवं सूचना अधिकारी डॉ अबुसाद इस्लाही का सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह

रामपुर: रामपुर के विश्व प्रसिद्ध रज़ा पुस्तकालय में पिछले 30 वर्षों से कार्यरत पुस्तकालय एवं सूचना अधिकारी डॉ अबुसाद इस्लाही 31 दिसम्बर 2024 को सेवानिवृत्त हो गए। डॉ इस्लाही ने तीन दशकों तक कठिन परिश्रम द्वारा रज़ा लाइब्रेरी में अपना योगदान दिया और विशाल पुस्तकालय की धरोहर को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर रज़ा लाइब्रेरी के निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र और कर्मचारियों द्वारा डॉ इस्लाही को फूलों के हार पहनाए गए और उन्हें भेंटे प्रस्तुत की गई। डॉ पुष्कर मिश्र ने अपने सम्बोधन में कहा, “यह डॉ इस्लाही का विदाई समारोह नहीं, बल्कि उनकी षष्टीपूर्ति (साठ वर्ष पूर्ण होना) का उत्सव है। हम उनके स्वस्थ और शतायु होने की कामना करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि डॉ इस्लाही को रज़ा लाइब्रेरी में दी गई अपनी सेवाओं पर एक पुस्तक प्रकाशित करनी चाहिए ताकि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन सके।

निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र ने डॉ इस्लाही के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रज़ा पुस्तकालय में डॉ इस्लाही के अनुभवों का हमेशा लाभ उठाया जाएगा और जब भी उनकी आवश्यकता होगी, पुस्तकालय उनकी सेवाएं प्राप्त करेगा।

भावुक होते हुए, डॉ इस्लाही ने भी अपनी तीन दशकों की सेवा के अनुभव साझा किए और रज़ा पुस्तकालय के सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरी पहचान रज़ा पुस्तकालय के पाण्डुलिपि विभाग के इंचार्ज और सूचना अधिकारी के रूप में रही है और इस कार्य में मेरे सभी साथियों का योगदान रहा है।”

इस दिन रज़ा पुस्तकालय के एक और कर्मचारी रहमत मियां (एमटीएस) भी सेवा निवृत्त हुए, जिनका ससम्मान विदाई दी गई। निदेशक डॉ पुष्कर मिश्र ने उन्हें भी माला पहनाकर और भेंट देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर रज़ा लाइब्रेरी के समस्त स्टाफ ने डॉ इस्लाही और रहमत मियां को भावभीनी विदाई दी और उनके योगदान को सराहा। साथ ही, एक विशेष दोपहर का भोजन भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने एकजुट होकर इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.