मोहकमपुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में भरा गंदा पानी, छात्रों और शिक्षकों को हो रही परेशानी, ग्राम प्रधान ने अधिकारियों को लिखा पत्र

  • रिपोर्ट :  दानवीर सिंह

आसफपुर: बदायूं जिले के आकांक्षी विकास खंड आसफपुर में विकास की गति धीमी होने के कारण कई गांव अब भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को मोहकमपुर गांव से सामने आया, जहां गांव के मुख्य मार्ग पर बनी नालियों में गंदा पानी भर गया है। इस गंदे पानी का प्रभाव सीधे गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर पर पड़ा है, जहां पानी भरने के कारण शिक्षकों और छात्रों को काफी परेशानी हो रही है।

मोहकमपुर के ग्राम प्रधान सुमेधा यादव, ग्रामीण नेता दिवाकर यादव और कई अन्य ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए आसफपुर विकास खंड अधिकारी और बिसौली उपजिला अधिकारी को एक लिखित पत्र भेजा है। पत्र में गंदे पानी के निकासी की समस्या का समाधान शीघ्र करने की मांग की गई है।

ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के पत्र को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी ज्योति शर्मा ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा।

गंदे पानी का कारण
ग्राम पंचायत सचिव सेवा राम ने बताया कि यह गंदा पानी पहले एक किसान के खेत के पास से निकलता था, लेकिन अब पानी के उचित निकासी व्यवस्था न होने के कारण यह गांव के मुख्य मार्ग और प्राथमिक विद्यालय परिसर में भरने लगा है। गांव के लोगों ने बताया कि यह समस्या पिछले काफी समय से बनी हुई है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।

मोहकमपुर गांव के निवासी अब इस समस्या से निजात पाने के लिए अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.