बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद में सिलेंडर फटने से हुआ दर्दनाक हादसा

बुलंदशहर: बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद में एक दर्दनाक हादसा हो गया। आशापुरी मोहल्ले के एक मकान में ऑक्सीजन गैस सिलेंडर फटने से पूरा मकान ढह गया, जिससे मलबे में दबकर पांच लोगों की जान चली गई। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब 55 वर्षीय रुखसार को सांस लेने में दिक्कत होने पर परिवार ने घर में ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया। अचानक सिलेंडर फटने से मकान की दो मंजिलें गिर गईं। हादसे में दंपती रियाजुद्दीन और रुखसार, उनके बेटे शाहरुख, आस मोहम्मद, सोना, और नातिन तमन्ना की मौत हो गई। इसके साथ ही 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी निजी और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर प्रशासनिक अमला और बचाव दल पहुंच गया है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है। रात भर चलाए गए बचाव कार्य के बाद काफी मशक्कत के बाद कुछ लोगों को बाहर निकाला गया।

इस घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर गहरे दुख में हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.