अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने जानकारी दी है कि पूरे पंजाब में 15 अक्टूबर 2024 को ग्राम पंचायत के चुनाव होने जा रहे हैं। अमृतसर के गांवों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, और उसी दिन वोटों की गिनती कर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
उपायुक्त साक्षी साहनी ने बताया कि जिन बूथों पर विवाद की आशंका है, वहां सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है और सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ा दी गई है। उन्होंने सभी गांववासियों से अपील की है कि वे अपने मत का अवश्य प्रयोग करें। मतदाता आधार कार्ड, पैन कार्ड या नीला कार्ड दिखाकर मतदान कर सकते हैं।
इस बार पंचों और सरपंचों का चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से किया जाएगा, और ईवीएम मशीनों का उपयोग नहीं होगा। अमृतसर के अंतर्गत आने वाले 226 गांवों में सर्वसम्मति से चुनाव हो चुके हैं, जबकि 1056 बूथों पर 15 अक्टूबर को मतदान होगा, जिसके नतीजे उसी दिन शाम को घोषित कर दिए जाएंगे।
