दिल्ली में अनंत श्री विभूषित ब्रह्म सवित्री सिद्ध पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 तुलछाराम जी महाराज का भव्य स्वागत

अनंत श्री विभूषित श्री श्री 1008 ब्रह्म सवित्री सिद्ध पीठाधीश्वर श्री तुलछाराम जी महाराज ने अपनी अमरकंटक की तप साधना चातुर्मास को संपन्न कर 09 अक्टूबर 2024 को दिल्ली की पावन भूमि पर पदार्पण किया। इस अवसर पर समस्त राजपुरोहित समाज दिल्ली-एनसीआर के हजारों समाज बंधुओं ने गुरु महाराज जी का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें बच्चियों ने मंगल कलश यात्रा द्वारा गुरु महाराज का स्वागत किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर गुरुजी की आरती के साथ कार्यक्रम को विधिवत आरंभ किया गया।

समाज के वरिष्ठजनों ने गुरु महाराज का पुष्पहारों से स्वागत किया। गुरुजी ने भक्तों और वरिष्ठ सदस्यों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

भजन कलाकारों द्वारा भक्ति भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे उपस्थित भक्तों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम में भोज प्रसादी का भी आयोजन किया गया।

प्रसिद्ध जादूगर भरतराज रियाबेडी ने अपनी कला का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध किया।

गुरु महाराज जी ने अपने आशीर्वचन में समाज बंधुओं को प्रेम, एकता, और समर्पण का संदेश दिया। इस अवसर पर श्री मोहन सिंह जी, सरपंच प्रतिनिधि चावण्डा, ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और दिल्ली में राजपुरोहित समाज भवन के निर्माण के लिए समस्त राजपुरोहित समाज से सहयोग की अपील की। उन्होंने भवन निर्माण के लिए 11 लाख रुपये योगदान देने की घोषणा की।

राजपुरोहित महासंघ दिल्ली के अध्यक्ष श्री कान सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और दिल्ली-एनसीआर के समस्त समाज बंधुओं से एकजुट होकर समाज के विकास के लिए प्रयास करने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि गुरु महाराज जी के मार्गदर्शन में दिल्ली में समाज भवन के निर्माण के लिए राजपुरोहित महासंघ के 11 सदस्यों और राजपुरोहित वेलफेयर सोसाइटी के 11 सदस्य मिलकर गुरु महाराज जी के पास आसोंतरा जाएंगे और दिल्ली में राजपुरोहित समाज का भवन निर्माण गुरु महाराज जी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद में कराने की प्रार्थना करेंगे।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुदर्शन न्यूज चैनल के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. राजकुमार राजपुरोहित ने भी इस सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत कर, गुरु महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। डॉ. राजकुमार राजपुरोहित सहित अन्य सभी पत्रकार बंधुओं का भी इस अवसर पर विशेष रूप से स्वागत किया गया।

मंच संचालन का दायित्व श्री भैरु सिंह सरवडी एवं ज़ोरावर सिंह कानोडिया द्वारा निभाया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.