जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 60 नवनियुक्त लेखपालों को वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री द्वारा नवनियुक्त लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ सजीव प्रसारण, जनपद स्तरीय कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी ने अपने संबोधन में नव नियुक्त लेखपालों को संबोधित करते हुए कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग व प्रशासन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा में लेखपालों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अपने सकारात्मक कार्यों से आमजनमानस को सहयोग प्रदान करें। शासन-प्रशासन और समाज के हित में कार्य करें साथ ही ऐसा कोई कार्य न करें जिससे शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने नवनियुक्त लेखपालों को संबोधित करते हुए कहा कि यह बहुत सौभाग्य की बात है की आप सभी को जनता के बीच रहकर उनकी सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है।
बिना किसी शर्त के व सम्मानपूर्वक अपनी सेवाएं दें। किसी के दबाव में आकर या प्रलोभन में पड़़कर कभी कोई गलत कार्य न करें और अपनी रिपोर्ट ससमय व सही ही लगायें, जिससे कि आगे की कार्यवाही तेजी से हो सके और आमजनमानस को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जो सिखाया जाए उसे पूरी मेहनत और लगन से सीखने का प्रयास करें, अच्छा प्रदर्शन करें, जो भी कार्य आपको दिए जाएं उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। अंश निर्धारण, जमीन की पैमाइश, खसरा, खतौनी, पट्टे का सत्यापन आदि सीख लें, जिससे फील्ड में काम पूरी निष्पक्षता व मजबूती से कर सकें।
