मिर्जापुर में फर्नीचर की दुकान से 8 कुंतल 25 किलो अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार — जिगना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर। थाना जिगना क्षेत्र के हरगढ़ बाजार में स्थित एक फर्नीचर की दुकान से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखे (लगभग 8 कुंतल 25 किलोग्राम) बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त शनि केशरवानी (26 वर्ष) पुत्र लालजी केशरवानी, निवासी गौरा थाना जिगना (हालपता हरगढ़ बाजार) को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देश पर दीपावली, धनतेरस और छठ जैसे त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध पटाखा कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश

अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष कुमार मिश्रा व क्षेत्राधिकारी लालगंज अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में जिगना पुलिस टीम ने मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर 13 अक्टूबर 2025 को दोपहर 2:29 बजे हरगढ़ बाजार स्थित दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के ऊपरी हिस्से में विभिन्न प्रकार के बारूदयुक्त अवैध पटाखों का बड़ा भंडार मिला, जिसमें बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझरी, रॉकेट आदि शामिल थे।

अभियुक्त का खुलासा

पूछताछ में अभियुक्त शनि केशरवानी ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान ज्यादा मुनाफा कमाने की नियत से उसने अपनी फर्नीचर की दुकान के ऊपर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया था। मांग के अनुसार पटाखों को चोरी-छिपे थोक में बेचकर त्योहारों पर भारी कमाई की योजना थी।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना जिगना पर मुकदमा संख्या 215/2025 धारा 9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

पुलिस टीम रही शामिल

इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय कुमार सिंह (थानाध्यक्ष जिगना), उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, चंद्रशेखर प्रसाद, जयजय राम, तारकेश्वर सिंह, मुख्य आरक्षी चंद्रशेखर सिंह, विवेक सिंह, संतोष यादव, संजय राय, इंद्रेश यादव, तथा आरक्षी सुधीर कुमार, आशुतोष पटेल और महिला आरक्षी साधना मिश्रा शामिल रहे।

पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान इस तरह की अवैध पटाखा बिक्री व भंडारण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.