71st National Film Awards: शाहरुख खान और विक्रांत मैसी बने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, रानी मुखर्जी को मिला बेस्ट एक्ट्रेस का खिताब
नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मान 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2023 की घोषणा ने इस बार फिल्म प्रेमियों को खासा उत्साहित कर दिया है। इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब दो बेहतरीन कलाकारों — शाहरुख खान और विक्रांत मैसी — को दिया गया है। वहीं रानी मुखर्जी ने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया है।
शाहरुख खान का दमदार अभिनय
बॉलीवुड के ‘किंग’ कहे जाने वाले शाहरुख खान को उनकी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘जवान’ में शानदार प्रदर्शन के लिए इस पुरस्कार से नवाज़ा गया है। 1990 के दशक में ‘दीवाना’, ‘बाजीगर’, और ‘डर’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले शाहरुख ने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ जैसी सुपरहिट फिल्म से ‘किंग ऑफ रोमांस’ की उपाधि हासिल की थी। हाल के वर्षों में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों में उनके विविध भूमिकाओं ने क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों का दिल जीत लिया।
विक्रांत मैसी की संवेदनशील अदाकारी
विक्रांत मैसी को फिल्म ‘12वीं फेल’ में एक मेहनती और संघर्षशील छात्र के किरदार को जीवंत करने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल अवॉर्ड मिला है। टीवी से अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले विक्रांत ने फिल्मों में अपनी गहरी और भावनात्मक अदाकारी से एक अलग मुकाम बनाया है। ’12वीं फेल’ में उनके किरदार की सच्चाई और गहराई दर्शकों के दिल को छू गई।
रानी मुखर्जी की शानदार वापसी
रानी मुखर्जी ने फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में एक माँ के संघर्ष और साहस को इतनी सशक्तता से परदे पर उतारा कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के खिताब से नवाज़ा गया। एक सच्ची घटना पर आधारित इस फिल्म में रानी ने अपने दमदार अभिनय से साबित कर दिया कि वे आज भी बॉलीवुड की सबसे विश्वसनीय अभिनेत्रियों में से एक हैं।
शाहरुख खान की सेहत और आने वाली फिल्म
हाल ही में शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अमेरिका ले जाया गया। अब वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं और जल्द ही एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं।
नेशनल अवॉर्ड्स 2023 ने एक बार फिर साबित किया कि अनुभव, प्रतिभा और सच्चे अभिनय को हमेशा सराहा जाता है — चाहे वह स्टारडम से चमकते शाहरुख हों, मेहनती विक्रांत मैसी हों या फिर सशक्त वापसी करतीं रानी मुखर्जी।
