आरजी कर अस्पताल के 50 वरिष्ठ डॉक्टरों ने हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों के समर्थन में दिया इस्तीफा

कोलकाता: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के लगभग 50 वरिष्ठ डॉक्टरों ने मंगलवार को सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर उन चिकित्सकों के प्रति एकजुटता दिखाई, जो एक महिला डॉक्टर की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर अनशन पर हैं। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

मंगलवार सुबह राज्य संचालित अस्पताल के विभिन्न विभागों के प्रमुखों की एक बैठक में यह सामूहिक इस्तीफे का फैसला लिया गया।

एक वरिष्ठ डॉक्टर ने पीटीआई को बताया, “आज की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। हमारे अस्पताल के सभी 50 वरिष्ठ डॉक्टरों ने अपने इस्तीफे पर हस्ताक्षर किए हैं। यह उन युवा डॉक्टरों के प्रति हमारी एकजुटता का प्रतीक है जो न्याय की मांग कर रहे हैं।”

एनआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर भी अपने सहयोगियों के समर्थन में इसी कदम पर विचार कर रहे हैं।

ज्वाइंट प्लेटफार्म ऑफ डॉक्टर्स, वेस्ट बंगाल ने आरजी कर अस्पताल की महिला डॉक्टर की हत्या और बलात्कार के मामले में न्याय की मांग कर रहे जूनियर डॉक्टरों के साथ एकजुटता व्यक्त की है और “भ्रष्टाचार-ग्रस्त” स्वास्थ्य प्रणाली को सुधारने की मांग की है।

जूनियर डॉक्टर पिछले चार दिनों से अनशन पर हैं और उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है। डॉक्टर्स प्लेटफार्म ने अनशन पर बैठे डॉक्टरों की सेहत को लेकर भी चिंता जताई है और कहा है कि वे “कैंपस लोकतंत्र और रोगी-हितैषी प्रणाली” के लिए लड़ रहे हैं।

“इस स्थिति में, हम एकजुटता के साथ खड़े होंगे,” बयान में कहा गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.