फरीदाबाद में आतंकियों से जुड़े डॉक्टर के ठिकाने से मिला 350 किलो RDX, एके-47 और जिंदा कारतूस बरामद

फरीदाबाद, 09 नवंबर।;फरीदाबाद में आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आतंकियों से संबंध रखने के आरोप में पकड़े गए डॉ. आदिल के ठिकाने से 350 किलो आरडीएक्स, एके-47 रायफल और सैकड़ों जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से यह छापेमारी की। यह कार्रवाई डॉ. आदिल की निशानदेही पर की गई, जो वर्तमान में पूछताछ के घेरे में है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का संबंध जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार फरीदाबाद तक कैसे पहुंचे और डॉक्टर का नेटवर्क देश के किन-किन हिस्सों में फैला है।

इलाके के निवासियों के अनुसार, डॉ. आदिल ने करीब तीन महीने पहले किराए पर मकान लिया था और खुद को डॉक्टर बताकर वहां रह रहा था। उसने मकान मालिक को बताया था कि वह कुछ मेडिकल उपकरण रखेगा, लेकिन अंदर आतंकी साजिश के हथियार छिपे थे।

पुलिस के मुताबिक, डॉ. आदिल मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का निवासी है। उसने एमबीबीएस करने के बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में नौकरी की थी। संदिग्ध गतिविधियों के चलते कुछ दिन पहले ही श्रीनगर पुलिस ने उसे सहारनपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद अनंतनाग स्थित उसके घर से भी एके-47 बरामद की गई थी। अब फरीदाबाद से हुए इस बड़े विस्फोटक जखीरे की बरामदगी ने पूरे सुरक्षा तंत्र को अलर्ट कर दिया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.