ऐलनाबाद 29 मई ( एम पी भार्गव ): जिला पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांव प्रताप नगर ( ऐलनाबाद ) क्षेत्र से लाखों रुपये कीमत का 20 किलो 550 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद कर एक युवक व एक महिला को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा के प्रभारी उप निरीक्षक सुखजीत सिंह ने बताया कि सेल की एक पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान जीवन नगर से ऐलनाबाद की तरफ जा रही थी। जब पुलिस टीम गांव प्रताप नगर के नजदीक पहुंची तो सामने से आ रही एक क्रेटा गाड़ी के चालक ने पुलिस वाहन को देखकर अचानक गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी बंद हो गई, जिस पर पुलिस टीम को शक हुआ और तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया गया।
पुलिस ने गाड़ी में सवार जितेंद्र सिंह पुत्र जगीर सिंह निवासी गांव नाकोड़ा तथा रज्जोबाई उर्फ राज पत्नी सुखचैन सिंह निवासी मोहर सिंह थैहड़ी, जिला सिरसा को काबू किया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर गाड़ी से 20 किलो 550 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ।
सेल प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच ऐलनाबाद थाना पुलिस को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा तथा रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
