लौहपुरुष को समर्पित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ में शामिल ऐलनाबाद के युवा वडोदरा पहुंचे

राधेश्याम छपौला और गणेश चांवरिया कर रहे हैं सिरसा जिले का प्रतिनिधित्व

ऐलनाबाद (एम.पी. भार्गव)।भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित ऐतिहासिक राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ यात्रा आज गुजरात के वडोदरा शहर में पहुँची, जहां इस यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र से सिरसा जिले का प्रतिनिधित्व करने गए युवा राधेश्याम छपौला और गणेश चांवरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि जैसे सरदार पटेल ने देश को एकसूत्र में बांधा, वैसे ही यह यात्रा युवाओं को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ रही है।

यात्रा के दौरान नशा मुक्ति, स्वदेशी अपनाने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। युवाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय एकता के विजन को यह अभियान सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है।

इस महायात्रा में एनएसएस, एनसीसी, माई भारत संगठन सहित विभिन्न राज्यों के हजारों युवा भाग ले रहे हैं। यात्रा दो चरणों में संचालित की जा रही है। पहले चरण में 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 तक देश के सभी जिलों में 3 दिवसीय पदयात्रा निकाली गई।

दूसरा चरण 26 नवंबर से प्रारंभ हुआ, जिसके अंतर्गत 25 नवंबर को सोनीपत से बसों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने हरी झंडी दिखाई। इसके बाद 26 नवंबर को जयपुर से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यात्रा को गुजरात के लिए रवाना किया।

यात्रा क्रम में 27 नवंबर को पुष्कर, 28 को जोधपुर, 29 को माउंट आबू और 30 नवंबर को वडोदरा में भव्य स्वागत किया गया। अब सरदार पटेल के जन्मस्थान करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया तक 152 किमी की पदयात्रा निकाली जाएगी।

यह राष्ट्रीय एकता पदयात्रा आगामी 6 दिसंबर 2025 को अपने लक्ष्य के साथ भव्य समापन करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.