पटना एयरपोर्ट पर सेना का फर्जी आईडी कार्ड लेकर युवक गिरफ्तार, मोबाइल से मिले आपत्तिजनक दस्तावेज

पटना। बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस ने सेना के फर्जी पहचान पत्र के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान वैशाली निवासी शिवम शर्मा के रूप में हुई है। उसने अपने परिवार को यह कहकर गुमराह कर रखा था कि वह गृह मंत्रालय में नौकरी करता है।

गर्लफ्रेंड और परिवार को धोखा देने के लिए बनवाया फर्जी आईडी

जानकारी के मुताबिक शिवम शर्मा अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। पिता कपड़े की दुकान चलाते हैं और मां गृहिणी हैं। शिवम का बचपन से ही सेना की ओर झुकाव था और उसने NDA की परीक्षा भी दी थी, लेकिन चयन न होने पर उसने फर्जी सेना आईडी बनवा लिया।
बताया जा रहा है कि उसने यह फर्जी पहचान पत्र मुख्य रूप से अपनी गर्लफ्रेंड और परिवार को प्रभावित करने के लिए बनवाया था। इतना ही नहीं, उसने अपनी मां के नाम से बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी और अक्सर पटना आना-जाना करता था।

मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो और दस्तावेज बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब शिवम शर्मा का मोबाइल खंगाला तो उसमें कई आपत्तिजनक दस्तावेज और फोटो मिले। इनमें इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट, पाकिस्तानी झंडा लगे व्यक्तियों की तस्वीरें और फर्जी आईडी बनाने से जुड़े कंपोनेंट्स की फोटो शामिल थीं। इन दस्तावेजों के मिलने से एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।

पुलिस जांच और कार्रवाई

पटना एयरपोर्ट थानेदार जितेंद्र राणा ने बताया कि युवक को संदिग्ध रूप से घूमते हुए पकड़ा गया था। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में अब तक उसकी किसी आतंकी संगठन या अन्य आपराधिक गिरोह से संलिप्तता सामने नहीं आई है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.