तेरा मुटियार यानि पति शराब पीकर तुझे पीटता होगा

गुस्ताखी माफ हरियाणा – पवन कुमार बंसल

हरियाणा के लालों के सबरंगे किस्से

हरियाणा के लोग और नेता अपने हास्य के लिए पूरे देश ही नहीं, विदेशों में भी मशहूर हैं। यहां की महिलाएं भी काफी हंसी-मजाक कर लेती हैं।

28 साल पहले हरियाणा की राजनीति पर मेरी किताब हरियाणा के लालों के सबरंगे किस्से के विमोचन अवसर पर पत्रकार प्रभाष जोशी ने कहा था कि दूसरों पर तो दुनिया हंस लेती है, लेकिन यह मादा हरियाणा के लोगों का है, जो अपने पर भी हंस लेते हैं। इस किताब के काफी किस्से नेताओं ने चटकारे लेकर खुद मुझे सुनाए हैं।

किताब की प्रशंसा खुशवंत सिंह ने भी की थी। उसी किताब से साभार—

तेरा मुटियार यानी पति तुझे पीटता होगा

किस्सा 1996 का है। बंसी लाल ने विकास पार्टी बनाई थी और सत्ता में आने पर नशाबंदी लागू करने का वायदा किया था। विकास पार्टी की महिला विंग की अध्यक्ष कृष्णा गहलावत नारनौल में एक सभा को संबोधित कर रही थीं।

वे कह रही थीं कि शराब ने प्रदेश का बट्टा बिठा दिया है। पति शराब पीकर पत्नी की पिटाई करते हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि बंसी लाल को वोट देना, वे शराब बंद कर देंगे।

एक महिला बोली – “बेबे, शराब के खिलाफ प्रचार करने के लिए बंसी लाल तुझे मोटी तनख्वाह देता होगा।”
गहलावत बोली – “ऐसी कोई बात नहीं।”

वो महिला शायद अपने पति की शराबखोरी की आदत से परेशान थी। बोली – “फिर तेरा मुटियार यानी पति शराब पीकर तुझे पीटता होगा, इसलिए शराब के खिलाफ प्रचार कर रही है।”

बंसी लाल, भजन लाल, देवी लाल और ओम प्रकाश चौटाला सहित नेताओं के सैकड़ों किस्से इस किताब में हैं।

किताब में कार्टून नरेंद्र गहलावत ने बनाए हैं, जो इस समय इंडिया बुल कंपनी के मालिक हैं। वैसे दिल्ली में किताब के विमोचन अवसर पर उनके कार्टून से प्रभावित होकर दो अखबारों ने उन्हें नौकरी की पेशकश की थी। लेकिन शायद नियति ने उनके लिए कुछ बड़ा लिखा था।

वैसे नरेंद्र पर तो लक्ष्मी देवी की कृपा हुई, लेकिन इस कलमघसीट पर तो सरस्वती की ही कृपा है। किस्मत अपनी-अपनी। अपन इसमें ही खुश हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.