योगी सरकार का युवाओं को संबल: ई-पंजीयन और रोजगार मेलों से मिल रही सपनों को उड़ान

रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वावलंबी और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को रामपुर जनपद में प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा रहा है। सेवायोजन विभाग की सक्रियता और डिजिटल पहलों के माध्यम से जिले के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। ई-पंजीयन पोर्टल और नियमित रोजगार मेलों के जरिए विभाग न केवल बेरोजगारी कम कर रहा है, बल्कि युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार कर रहा है।

जनवरी में 224 युवाओं को मिला रोजगार

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार विभाग की पारदर्शी कार्यप्रणाली और सक्रियता से युवाओं का भरोसा बढ़ा है। वर्तमान में सेवायोजन पोर्टल पर कुल 19,734 बेरोजगार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। अकेले जनवरी माह में 423 नए युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया।
जनवरी में आयोजित 5 रोजगार मेलों में 406 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 224 कुशल युवाओं का चयन पुखराज हेल्थ केयर, शिवम इंटरप्राइजेज और क्यूजकॉर्प जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में हुआ। इन मेलों में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और पॉलीटेक्निक उत्तीर्ण युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर प्रदान किए गए।

विदेशी धरती पर सेवा का अवसर, भाषा प्रशिक्षण से मिलेगी मजबूती

योगी सरकार अब युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। विशेष काउंसलिंग सत्रों के माध्यम से युवाओं को जर्मनी, जापान और इजराइल में नर्सिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जा रही है। विदेशी भाषा की चुनौती को दूर करने के लिए मंडल स्तर पर एक माह के भीतर भाषा प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे, जहां युवाओं को विदेशी भाषा बोलने और समझने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे विदेशों में आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें।

डिजिटल प्रक्रिया से बिचौलियों पर लगाम

सरकार की डिजिटल पहल से भर्ती प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है। वेंडर चयन के बाद सभी रिक्तियां सेवा चयन पोर्टल पर लाइव की जाती हैं। पदों के सापेक्ष तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाता है, ताकि हर योग्य युवा को अवसर मिल सके। जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में चयनित नहीं हो पाते, उनकी विशेष काउंसलिंग कर उन्हें आगामी रोजगार मेलों के लिए तैयार किया जाता है।

करियर काउंसलिंग से संवर रहा युवाओं का भविष्य

सेवायोजन विभाग केवल नौकरी तक सीमित न रहकर युवाओं के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। जनवरी माह में आयोजित 4 विशेष करियर काउंसलिंग सत्रों के माध्यम से 585 छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विशेषज्ञों द्वारा रोजगार संगम पोर्टल की जानकारी देने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रभावी तरीकों पर भी मार्गदर्शन किया जा रहा है।

योगी सरकार की यह पहल रामपुर के युवाओं के लिए न केवल रोजगार के नए द्वार खोल रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाकर भविष्य की ओर मजबूती से अग्रसर कर रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.