Yashoda Jayanti 2026: फाल्गुन माह में माता यशोदा का पूजन अत्यंत शुभ, जानें तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Yashoda Jayanti 2026: फाल्गुन माह में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े पर्वों का विशेष महत्व माना गया है। इसी माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को यशोदा जयंती मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म माता देवकी की कोख से हुआ, लेकिन उनका पालन-पोषण माता यशोदा ने किया। कहा जाता है कि माता यशोदा के पूजन से भगवान श्रीकृष्ण अत्यंत प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

यशोदा जयंती को विशेष रूप से संतान सुख की प्राप्ति से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से माता यशोदा का पूजन करने और व्रत रखने से संतान प्राप्ति, संतान की उन्नति और पारिवारिक सुख-शांति में वृद्धि होती है।

यशोदा जयंती 2026 कब है

वैदिक पंचांग के अनुसार फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि 7 फरवरी 2026 को प्रातः 01:18 बजे से प्रारंभ होकर 8 फरवरी 2026 को 02:54 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार यशोदा जयंती का व्रत 7 फरवरी 2026, शनिवार को रखा जाएगा।

यशोदा जयंती 2026 शुभ मुहूर्त

यशोदा जयंती के दिन कई शुभ योग बन रहे हैं।

सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग: प्रातः 2:28 बजे से 7:05 बजे तक

अमृत काल: सायं 7:31 बजे से रात्रि 9:15 बजे तक

अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12:13 बजे से 12:57 बजे तक

इन मुहूर्तों को पूजा के लिए विशेष रूप से शुभ माना गया है।

यशोदा जयंती पर ऐसे करें पूजा

फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को माता यशोदा के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन माता यशोदा और बाल गोपाल की विधि-विधान से पूजा की जाती है। पूजा के लिए ऐसी प्रतिमा या चित्र स्थापित करें, जिसमें माता यशोदा की गोद में बाल स्वरूप श्रीकृष्ण विराजमान हों।

पूजन के दौरान माता यशोदा और श्रीकृष्ण को दूध, दही, मक्खन, मिश्री और फल अर्पित करें। इसके पश्चात भजन-कीर्तन करें और आरती कर प्रसाद वितरित करें। संतान प्राप्ति की कामना से व्रत रखने वाली महिलाओं को इस दिन नमक का सेवन नहीं करना चाहिए।

धार्मिक मान्यता है कि यशोदा जयंती के दिन श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई पूजा से भक्तों को संतान सुख, पारिवारिक समृद्धि और मानसिक शांति की प्राप्ति होती है।

 

khabre junction

डिस्क्लेमर- यहां दी गई जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इनकी पुष्टि नहीं करता।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.