मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिली विश्व चैम्पियन शेफाली वर्मा

चंडीगढ़, 12 नवंबर( एम पी भार्गव ) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को संत कबीर कुटीर पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और विश्व चैम्पियन शेफाली वर्मा से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शेफाली वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से 1.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार और ग्रेड-ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि शेफाली वर्मा ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शेफाली आज पूरे देश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हरियाणा खेलों में देश का रोल मॉडल बन चुका है और हमारी सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”

इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग ने भी शेफाली वर्मा को अपना ब्रांड एंबेसडर घोषित किया। आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि शेफाली की उपलब्धियां महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल हैं।

शेफाली वर्मा ने अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हरियाणा पूरे देश में खेलों का रोल मॉडल है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मैं राज्य सरकार की आभारी हूं।” उन्होंने कहा कि वे आगे भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए पूरी मेहनत करेंगी।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.