रामपुर। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत रविवार को रामपुर में महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को पुलिस अधीक्षक श्री विद्यासागर मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी शाहबाद सुश्री हर्षिता सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के दौरान महिला आरक्षियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महिलाओं के कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता फैलाई। साथ ही लोगों को महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112, 1098 और 1930 जैसे आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी गई।
इस अभियान का मकसद समाज में महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है। महिला पुलिसकर्मियों ने साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी लोगों को महत्वपूर्ण सावधानियों से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रामपुर पुलिस का यह प्रयास न केवल महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का है, बल्कि समाज में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक ठोस कदम है।
