महिला ने किए चार मासूमों की हत्या, पुलिस जांच में हुआ सनसनीखेज़ खुलासा —

हिसार/पानीपत। पानीपत में एक विवाह समारोह के दौरान 6 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले की जांच कर रही पुलिस ने ऐसा खुलासा किया जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस ने 34 वर्षीय पूनम नामक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने न केवल इस बच्ची को पानी से भरे टब में डुबोकर मारा, बल्कि इससे पहले अपने ही 3 वर्षीय बेटे समेत कुल 4 मासूम बच्चों की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, पूनम की मानसिक प्रवृत्ति बच्चों के प्रति हिंसक रही है और वह ऐसे बच्चों को निशाना बनाती थी जो उसके बच्चों से अधिक आकर्षक या होशियार लगते थे। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या इसलिए की क्योंकि उसे डर था कि वह सच्चाई उजागर न कर दे।

घटना 1 दिसंबर की है, जब नौलथा गांव में एक शादी समारोह के दौरान 6 वर्षीय विधि अचानक लापता हो गई थी। देर रात उसकी तलाश के दौरान उसका शव पहली मंजिल पर बने एक स्टोर रूम में पानी से भरे प्लास्टिक के टब में मिला। संदेह होने पर पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका जताई गई।

पूछताछ के दौरान पूनम के बयान पुलिस को चौंका देने वाले थे। उसने खुलासा किया कि —

जनवरी 2023 में अपनी ननद की 9 वर्षीय बेटी इशिका को पानी की टंकी में डुबोकर मारा,

कुछ ही समय बाद अपने 3 वर्षीय बेटे शुभम को भी मौत के घाट उतार दिया,

अगस्त 2024 में अपने मायके स्थित सिवाह गांव में 6 वर्षीय जिया को टब में डुबो दिया।

इन सभी मौतों को परिवार पहले दुर्घटना मानता रहा।

पानीपत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा घटना के पीछे के कारणों और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक मामले से ग्रामीण इलाकों में दहशत और अविश्वास का माहौल फैल गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.