- रिपोर्ट: नीरज मित्तल
Faridabad। बल्लभगढ़ स्थित मिनी खेतरपाल अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक 31 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद अस्पताल के डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इंजेक्शन लगते ही महिला के मुंह से झाग आने लगे और उसकी हालत तेजी से गंभीर होती चली गई। परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही के चलते महिला ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
