मजदूरी के बहाने महिला को बुलाया, दोनों पैर काटकर डेढ़ किलो चांदी के कड़े लूटे; गंगापुर सिटी में दहशत

गंगापुर सिटी (राजस्थान)। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां मजदूरी करने आई एक महिला के दोनों पैर काटकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी महिला के पैरों से करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी के कड़े काटकर फरार हो गया। इस जघन्य अपराध ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

पीड़िता की पहचान बामनवास के सीतोड़ गांव निवासी कमला देवी के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बहू को रास्ते में छोड़ा, सास को ले गया आरोपी

जानकारी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को एक अज्ञात व्यक्ति पिपलाई कस्बे में कमला देवी से मिला था। उसने खुद को ठेकेदार बताते हुए कहा कि उसके पास मजदूरी का काम है और मजदूरों की जरूरत है। उसने कमला देवी का फोन नंबर लिया और 8 अक्टूबर को उन्हें काम के बहाने गंगापुर सिटी बुला लिया।

कमला देवी अपनी बहू सीमा और पड़ोसन उगती के साथ वहां पहुंचीं। आरोपी बाइक से आया और बहू-पड़ोसन को उदेई मोड़ पर छोड़ते हुए कहा कि वह कमला देवी को लेकर आता है। इसके बाद वह कमला देवी को अपने साथ ले गया और फिर लौटकर नहीं आया।

पैर काटे मिले, हालत नाजुक

काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब कमला देवी वापस नहीं आईं, तो उनकी बहू सीमा ने सदर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके कुछ ही घंटों बाद शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गंगापुर सिटी के गंगाजी की कोठी गांव के पास पेट्रोल पंप के समीप एक महिला गंभीर घायल अवस्था में पड़ी है।

पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला के दोनों पैर काटे गए थे। पहचान करने पर वह कमला देवी निकलीं। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल गंगापुर सिटी ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।

एसपी ने संभाला मोर्चा, गठित हुई विशेष टीम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चांदी के कड़े निकालने के लिए कुल्हाड़ी या किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे कमला देवी के दोनों पैर कट गए।

जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने खुद मामले की कमान संभाली है। उन्होंने बताया कि इस मामले में विशेष जांच टीम गठित की गई है और तकनीकी साक्ष्यों (जैसे मोबाइल लोकेशन व कॉल रिकॉर्ड) की मदद से जांच तेज की गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।

यह अमानवीय घटना न केवल महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और उसे सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.