हरियाणा में मौसम का कहर: आंधी-बारिश से गेहूं की फसल बिछी, हजारों एकड़ प्रभावित

ऐलनाबाद, 17 मार्च (एम.पी. भार्गव)। हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों पर बड़ी मार डाली है। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण गेहूं की खड़ी फसल खेतों में बिछ गई, जिससे उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई है।

सबसे अधिक असर करनाल, कैथल, पानीपत, जींद, सिरसा और यमुनानगर जिलों में देखा गया। अकेले कैथल जिले में करीब 80 हजार एकड़ फसल प्रभावित होने की जानकारी है।

वहीं यमुनानगर में तेज हवाओं के चलते बिजली ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। यहां करीब 80 बिजली के खंभे और 50 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च के बीच एक बार फिर बारिश के आसार जताए गए हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों को अब फसल बचाने और नुकसान के आकलन को लेकर प्रशासन से राहत की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.