रामपुर। शहर में सुबह से हो रही लगातार बारिश ने नगर पालिका की पोल खोल दी है। बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है और वार्ड नंबर 40 के अधिकतर घरों में पानी घुस चुका है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मोहल्ले वालों का कहना है कि नाले और नालियों की सफाई समय पर नहीं की गई। इस वजह से बारिश का पानी निकासी न होने से सड़कों और घरों में भर गया। लोगों ने बताया कि हर बार नगर पालिका को शिकायत दी जाती है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष सना खानम को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। वार्ड 40 के लोगों का कहना है कि यह समस्या हर बारिश में सामने आती है, लेकिन पालिका प्रशासन मौन साधे रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों में पानी घुसने से उनकी रोज़मर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और गंदे पानी के भराव से डेंगू, मलेरिया और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि शहर में बार-बार जलभराव और बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।
