मोदीनगर, 4 अक्टूबर 2025। आज विश्व सनातन हिंदू वाहिनी के पदाधिकारियों और सामाजिक शिक्षित नागरिकों ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मोदीनगर में पीठासीन अधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पिछले दो वर्षों से बाहरी जिलों—जैसे सम्भल, एटा, अलीगढ़ व अन्य सुदूर क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा केवल दो-तीन महीनों के लिए दिल्ली-मेरठ हाईवे और मोदीनगर शहर की प्रमुख सड़कों पर मूंगफली आदि के ठीए लगाए जाते हैं, जिससे जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि इस प्रकार की गतिविधियां एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती हैं। वाहिनी पदाधिकारियों और नागरिकों ने कहा कि पूर्व में भी दिल्ली समेत कई स्थानों पर बाहरी रोहिंग्या और अवैध घुसपैठिए पकड़े गए हैं, जो लव जिहाद, लूटपाट, अवैध मानव तस्करी, चोरी, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं में शामिल पाए गए। हाल ही में बरेली में हुए “आई लव मोहम्मद” प्रकरण का उदाहरण देते हुए बताया गया कि दंगे में भी अधिकांश बाहरी लोग ही शामिल थे।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि अवैध ठीयों के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि शहर की सुरक्षा को भी खतरा है। इस संदर्भ में यह मांग रखी गई कि—
दिल्ली-मेरठ हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों से अतिक्रमणकारियों को तत्काल हटाया जाए।
बाहरी लोगों का पुलिस द्वारा वेरिफिकेशन कराया जाए।
दुकानदारों और मकान मालिकों से शपथ पत्र लिया जाए कि वे इन बाहरी लोगों को पहचानते हैं और यदि भविष्य में इनके कारण कोई अपराध होता है, तो उसकी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
इस मौके पर राज वर्मा, अनिल जैन, धीरेंद्र शर्मा, कपिल चौधरी, अरुण चौधरी, शशिकांत शर्मा, फकीर चंद, दीपक कुमार, कृष्ण शर्मा, नरेश सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और सामाजिक नागरिक उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस प्रभारी तथा पीठासीन अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर इस मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
