फरीदाबाद में बयानबाजी पर घमासान, कृष्णपाल गुर्जर ने दी मर्यादित भाषा की नसीहत

  • रिपोर्ट: नीरज मित्तल

फरीदाबाद। भाजपा नेत्री कंगना रनौत द्वारा राहुल गांधी को “टपोरी” कहे जाने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पलटवार करते हुए कंगना रनौत पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है।

इस पूरे मामले पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी पार्टी के नेता या कार्यकर्ता को राजनीतिक रूप से मर्यादित और सही भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में गरिमा बनाए रखना जरूरी है, हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं की भाषा पहले से ही खराब रही है और उन्होंने प्रधानमंत्री तथा उनके परिवार के प्रति भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है।

असम चुनाव को लेकर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नीयत पर भरोसा करती है और जहां भी चुनाव होते हैं, वहां भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलता है।

एलपीजी घरेलू सिलेंडर को लेकर उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कहीं भी इसकी कोई कमी नहीं है और लोगों को भ्रमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आएगी, हालांकि बड़े सिलेंडरों पर कालाबाजारी रोकने के लिए कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद के वार्ड नंबर-1 में करीब 5 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बने अटल पार्क का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है और अटल पार्क इसका उदाहरण है।

वहीं बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि पार्क को लाइटिंग, घास, म्यूजिक सिस्टम और ओपन जिम सहित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.