नोएडा। उत्तर प्रदेश एसटीएफ (UPSTF) की नोएडा यूनिट ने शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में रेड कर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया। यह गैंग बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 25.60 लाख रुपये कैश, नोट गिनने की मशीन और 100 से ज्यादा म्यूल अकाउंट बरामद किए। जांच में सामने आया है कि ये म्यूल अकाउंट्स HDFC बैंक और बंधन बैंक से जुड़े हुए थे। जानकारी के अनुसार दोनों बैंकों के मैनेजर कमीशन के आधार पर फर्जी अकाउंट उपलब्ध कराते थे, जिससे ठगी का पैसा ट्रांसफर किया जाता था। दोनों बैंक मैनेजर अभी वांटेड हैं।
इस मामले में विजयनगर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और UPSTF की जांच फिलहाल जारी है। STF सूत्रों का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार और अन्य राज्यों तक फैला हुआ है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
