UP Train Accident: मिर्जापुर के चुनार स्टेशन पर दर्दनाक ट्रेन हादसा, कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 6 श्रद्धालुओं की मौत

मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। कालका-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह चोपन-चुनार पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर चार पर रुकी थी। इस दौरान कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन से उतर रहे थे। जल्दबाजी में कुछ यात्री मुख्य निकास मार्ग की बजाय रेलवे ट्रैक पार करने लगे, तभी दूसरी ओर से तेज रफ्तार कालका-हावड़ा एक्सप्रेस आ गई।

कुछ ही पलों में कई श्रद्धालु ट्रेन की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया। मौके पर रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन पहुंच गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने पर विचार किया जा रहा है।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.