यूपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 जारी: कशिश और अंशिका बनीं टॉपर, 90.42% छात्र पास

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

लखनऊ: Uttar Pradesh Madhyamik Shiksha Parishad (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल कुल 90.42% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं, जो पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
इस वर्ष सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83% अंक हासिल कर संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं बाराबंकी की अदिति ने 97.50% अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
तीसरे स्थान पर 97.33% अंक के साथ सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा रहे। खास बात यह रही कि टॉप-3 में कुल 5 छात्राओं ने जगह बनाई, जिससे एक बार फिर लड़कियों का दबदबा देखने को मिला।

परीक्षा और परिणाम से जुड़े अहम आंकड़े
इस वर्ष कुल 27,50,945 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से करीब 25.89 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि लगभग 1.61 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
10वीं की परीक्षाएं प्रदेश के 75 जिलों में बनाए गए 8033 केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं। परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कॉपी जांच के लिए 254 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां लगभग 96,804 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। 18 मार्च से 4 अप्रैल तक चले मूल्यांकन कार्य में करीब 1.57 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई।

लड़कियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो छात्राओं का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। वर्ष 2025 में 93.87% लड़कियां पास हुई थीं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 86.66% रहा था। इसी तरह 2024, 2023, 2022 और 2021 में भी छात्राओं ने बाजी मारी थी।

link पर क्लिक कर देखें HIGH SCHOOL DIST WISE top 10

HIGH SCHOOL DIST WISE top 10

12वीं में भी छात्राओं का दबदबा
वहीं इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। सीतापुर की शिखा वर्मा ने टॉप किया है और कुल 80.38% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। टॉप-3 में इस बार भी सिर्फ लड़कियों का दबदबा रहा।
छात्र अपना परिणाम यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। इस बार रिजल्ट पिछले वर्ष की तुलना में दो दिन पहले जारी किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह देखने को मिला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.