केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने लिया दिल्ली मेट्रो का अनुभव, टोकन लेकर किया सफर
धौला कुआं से यशोभूमि द्वारका तक मेट्रो में की यात्रा, जनता के साथ जुड़े केंद्रीय मंत्री
नई दिल्ली, 8 जुलाई (एम. पी. भार्गव)। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को दिल्ली मेट्रो में सफर कर आमजन से सीधे जुड़ने का प्रयास किया। उन्होंने धौला कुआं से यशोभूमि द्वारका तक की मेट्रो यात्रा टोकन लेकर की, जिससे उनका यह कदम सादगी और जनसंपर्क का प्रतीक बन गया।
केंद्रीय मंत्री मेट्रो टोकन लेकर अपने पूरे स्टाफ के साथ यात्रा करते हुए नजर आए। उनका यह रूप देख यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सफर के दौरान उन्होंने मेट्रो सेवाओं, यात्रियों की सुविधाओं और संचालन व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
यशोभूमि द्वारका में आयोजित मंत्रालय के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उन्होंने मेट्रो को चुना, जो पर्यावरण अनुकूल और समय की बचत करने वाला माध्यम है।
उनके इस सफर ने शहरी परिवहन व्यवस्था में आम जनता के साथ सहभागिता और संवाद स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया है। मेट्रो में सफर करते हुए मंत्री मनोहर लाल आम यात्रियों की तरह नजर आए, जिससे लोगों में उनके प्रति आत्मीयता और विश्वास और बढ़ा।
