ऐलनाबाद, 13 फरवरी (एम पी भार्गव): भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धौलपालिया में स्वास्थ्य और स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंक ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत छात्राओं के लिए नया शौचालय बनवाया तथा पुराने शौचालयों की मरम्मत करवाई, जिससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मुख्य शाखा प्रबंधक संतोष बिश्नोई ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक केवल एक व्यावसायिक संस्था ही नहीं, बल्कि एक सेवा संस्थान भी है। बैंक द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान और अन्य CSR गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता, सैनिटरी नैपकिन वितरण और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एसबीआई फाउंडेशन और उसके सहयोगियों द्वारा हाल ही में ऐलनाबाद क्षेत्र के स्कूलों में छात्राओं को 2000 सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए और विद्यालयों को 10 सैनिटरी नैपकिन इंसीनरेटर मशीनें प्रदान की गईं। स्कूलों में सैनिटरी पैड और उनके सुरक्षित निपटान के लिए मशीनें लगाई गई हैं, जो छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर बैंक सहायक अर्जुन सिंह, प्रियंका, राजकुमार स्वामी, विद्यालय के प्रिंसिपल गिरधारी लाल शर्मा, अध्यापक कृष्ण सिवाच, भंवरलाल तिवाड़ी, बजरंग लाल कसवां, रामकुमार, फर्नांडिस बेनीवाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
khabre junction
