नायाब सपना स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ली नशा न करने की शपथ
- मिट्ठी सुरेरां के विद्यालय में नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
*ऐलनाबाद 12 नवंबर ( एम पी भार्गव ) उपमंडल ऐलनाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मिट्ठी सुरेरां में “नायाब सपना स्वस्थ-समृद्ध हरियाणा अपना” अभियान के तहत नशा मुक्ति विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष निताशा राकेश सिहाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर ग्राम सरपंच रामेश्वर सोलंकी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि निताशा सिहाग ने विद्यार्थियों को जीवन में नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और सभी को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही समाज का भविष्य है, इसलिए हर विद्यार्थी को नशे जैसी बुराई से स्वयं को बचाना और दूसरों को जागरूक करना चाहिए। मौके पर निताशा सिहाग ने ग्राम सरपंच व स्टाफ सदस्यों की मौजूदगी में स्कूल प्रांगण में पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच सत्यनारायण ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति एसोसिएशन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर नशामुक्त, स्वस्थ और समृद्ध हरियाणा के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर लघु नाटक एवं नारे प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
