वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का शानदार प्रदर्शन, एनआईआई 1,000 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर

मुंबई, जनवरी 2026।उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड [BSE: 542904; NSE: UJJIVANSFB] ने 31 दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही (वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही) के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा की। बैंक ने इस तिमाही में अब तक का सर्वाधिक नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) 1,000 करोड़ रुपये दर्ज करते हुए मजबूत व्यवसायिक और वित्तीय प्रदर्शन किया है।

बैंक की सकल ऋण पुस्तिका दिसंबर 2025 तक बढ़कर 37,057 करोड़ रुपये हो गई, जो सालाना आधार पर 21.6 प्रतिशत और तिमाही दर तिमाही 7.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इसी अवधि में जमा 42,223 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिसमें 22.4 प्रतिशत की सालाना और 7.7 प्रतिशत की तिमाही वृद्धि दर्ज की गई। कासा जमा 11,535 करोड़ रुपये रही और कासा अनुपात 27.3 प्रतिशत पर कायम रहा।

वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में बैंक का कुल वितरण रिकॉर्ड स्तर 8,293 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 54.7 प्रतिशत अधिक है। माइक्रो बैंकिंग वितरण 4,688 करोड़ रुपये रहा, जबकि सुरक्षित ऋण पुस्तिका 17,825 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो 48.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि को दर्शाती है। कुल ऋण में सुरक्षित ऋण का हिस्सा बढ़कर 48.1 प्रतिशत हो गया है।

परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर भी बैंक का प्रदर्शन सुदृढ़ रहा। दिसंबर 2025 तक जीएनपीए घटकर 2.39 प्रतिशत और एनएनपीए 0.58 प्रतिशत पर आ गया। प्रोविजन कवरेज रेशियो बढ़कर 76 प्रतिशत हो गया, जबकि माइक्रो बैंकिंग बकेट-एक्स की संग्रह दक्षता 99.7 प्रतिशत दर्ज की गई।

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन 33 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 8.23 प्रतिशत हो गया। कर पश्चात लाभ (पीएटी) 186 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 70.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि को दर्शाता है। इस तिमाही में बैंक का आरओए 1.5 प्रतिशत और आरओई 11.5 प्रतिशत दर्ज किया गया।

पूंजी और तरलता के स्तर पर बैंक की स्थिति मजबूत बनी हुई है। पूंजी पर्याप्तता अनुपात 21.6 प्रतिशत रहा, जबकि दिसंबर 2025 के लिए औसत दैनिक एलसीआर 165.6 प्रतिशत दर्ज किया गया।

उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ श्री संजीव नौटियाल ने कहा कि अनुकूल व्यापक आर्थिक माहौल, बेहतर तरलता प्रबंधन और संतुलित ऋण पोर्टफोलियो के कारण बैंक ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पूंजी, बेहतर परिसंपत्ति गुणवत्ता और अनुशासित वृद्धि रणनीति के साथ बैंक आने वाली तिमाहियों में भी टिकाऊ और लाभकारी प्रदर्शन देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.