रामपुर। उजाला ने एक बार फिर अपने शहर रामपुर, प्रदेश और देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। जापान के फुकोका शहर में 21 फरवरी को आयोजित Asian Cross Country Championships में उजाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में एशिया महाद्वीप के विभिन्न देशों से लगभग एक हजार चुनिंदा खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। प्रतियोगिता का आयोजन World Athletics के बैनर तले जापान द्वारा किया गया था।
रामपुर के ग्राम किशनपुर अटारिया निवासी किसान भगवानदास की बेटी उजाला वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। खेतों की पगडंडियों और कच्चे रास्तों से शुरू हुआ उनका दौड़ का सफर आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है।
उजाला ने अपने खेल करियर की शुरुआत रामपुर के बमनपुरी स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच रणदीप सिंह के मार्गदर्शन में की थी। वह रामपुर की पहली महिला एथलीट हैं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर इतिहास रचा है।
अपनी सफलता का श्रेय उजाला ने अपने कोच रणदीप सिंह, अपनी कड़ी मेहनत और विभागीय अधिकारियों के सहयोग को दिया। उजाला ने कहा,
“मैं अपनी इस जीत से काफी खुश हूँ। इसके लिए मैंने अपने कोच साहब के दिशा-निर्देशन में कड़ी मेहनत की। विभागीय अधिकारियों का भी पूरा सहयोग मिला। भगवान जी की कृपा से मैं फिट रही और अच्छा प्रदर्शन कर सकी। आगे भी और मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करना है।”
उजाला की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। रामपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव फरहत अली खान ने कहा कि यह जीत रामपुर के नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार, फहीम अली, मोहम्मद जिशान सहित अन्य लोगों ने उजाला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं।
