लाखों की हेरोइन और ₹31,200 नगदी सहित दो युवक गिरफ्तार — सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
"ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन" से मिल रहे अहम परिणाम : एसपी दीपक सहारन
ऐलनाबाद/सिरसा (एम पी भार्गव)।सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन” के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 ग्राम 68 मिलीग्राम हेरोइन और ₹31,200 ड्रग मनी बरामद की है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान रानियां चुंगी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस वाहन को देखकर घबराए और पीछे मुड़कर तेजी से भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई तलाशी में आरोपियों सतनाम सिंह उर्फ सत्तू पुत्र हजारा सिंह और जशनदीप उर्फ जस्सी पुत्र सुखविंद्र सिंह निवासी बाजीगर मोहल्ला, सिरसा के कब्जे से हेरोइन और नगदी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी जशनदीप के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज है। दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आमजन से भी सहयोग की अपील की, ताकि समाज को नशे की जड़ से मुक्त किया जा सके।
