भ्रष्टाचार में संलिप्त दो पुलिस कर्मी मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार — एसपी बोले, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

ऐलनाबाद, सिरसा, 08 नवंबर सिरसा जिले में पुलिस विभाग की साख पर बट्टा लगाने वाले दो भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिर्फ 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन को सूचना मिली थी कि सदर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र और ई. सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार ने कथित रूप से एक आरोपी से मामला रफा-दफा करने के एवज में ₹2 लाख 30 हजार की रिश्वत ली है।
दरअसल, 31 अक्टूबर 2025 को सरदुलगढ़ निवासी एक महिला ने सिरसा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ रेप की शिकायत दी थी। जांच के दौरान दोनों पुलिसकर्मी आरोपी से रिश्वत मांगने और लेने में संलिप्त पाए गए।
मामला गंभीर होने पर एसपी दीपक सहारन ने तुरंत डीएसपी आदर्श दीप के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। जांच में आरोप पुख्ता पाए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र पुत्र आत्माराम निवासी मोहम्मदपुर रोही, जिला फतेहाबाद और ई. एएसआई विजय कुमार पुत्र श्योनारायण निवासी गांव भाना, जिला हिसार के रूप में हुई है।
एसपी दीपक सहारन ने सभी पुलिसकर्मियों को “जीरो टॉलरेंस पॉलिसी” पर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा,“भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतें प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाएं और उनका निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग की प्राथमिकता ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता है।
इस मामले में जांच जारी है और यदि कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.