उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनवमी के अवसर पर बड़ा फैसला लेते हुए दो दिनों की छुट्टी घोषित की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य में 26 और 27 मार्च को अवकाश रहेगा। इस दौरान सभी सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे।
पहले रामनवमी पर केवल एक दिन की छुट्टी निर्धारित थी, लेकिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने इसे बढ़ाकर दो दिन कर दिया है। प्रशासन का मानना है कि अयोध्या में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
रामनवमी के अवसर पर देश के कई राज्यों में भी स्कूल-कॉलेज बंद रहने की संभावना है। हालांकि, छुट्टियों को लेकर अंतिम निर्णय राज्य सरकारों और संबंधित संस्थानों पर निर्भर करता है। उत्तर प्रदेश में जहां 26 और 27 मार्च दोनों दिन अवकाश रहेगा, वहीं कुछ राज्यों में 27 मार्च को ही मुख्य रूप से रामनवमी मनाई जाएगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रामनवमी 27 मार्च 2026 को मनाई जाएगी। नवमी तिथि की शुरुआत 26 मार्च सुबह 11:48 बजे से होकर 27 मार्च सुबह 10:06 बजे तक रहेगी।
सरकार के इस फैसले से जहां श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिलेगी, वहीं प्रशासन को भी व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
