घर के बाहर हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने दबोचा

फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र में घटना, पुलिस ने दर्ज किया मामला

फरीदाबाद। पुलिस थाना तिगांव क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के बाहर दो हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता रोहित, निवासी जसाना, फरीदाबाद ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 26 अप्रैल की रात उसके घर के गेट के सामने एक कार आकर रुकी, जिसमें बैठे अज्ञात व्यक्ति ने दो हवाई फायर किए। फायरिंग की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकला, तब तक आरोपी वहां से गाड़ी लेकर फरार हो चुके थे। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया।

अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों सुमित और रोबिन, निवासी गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से गहन पूछताछ की गई।

पुराने विवाद के चलते दिया वारदात को अंजाम

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि लगभग दो महीने पहले उत्तर प्रदेश में एक शादी समारोह के दौरान शिकायतकर्ता के साथ उनका झगड़ा हुआ था।
26 अप्रैल को आरोपी अपने साथियों के साथ गांव साहबाद में एक लगन कार्यक्रम में आए हुए थे। जब उन्हें पता चला कि उनका पुराना विरोधी पास में ही रहता है, तो उन्होंने दबदबा बनाने के इरादे से शिकायतकर्ता के घर के बाहर जाकर दो हवाई फायर किए और मौके से फरार हो गए।

आरोपियों को अदालत में पेश कर लिया जाएगा रिमांड

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा सके।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.