ठाणे जिले में 11 वर्षीय लड़की का अपहरण कर दो लोगों ने किया दुष्कर्म

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक 11 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ बलात्कार करने का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 12 जुलाई की शाम को जब वह अंबरनाथ रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तब कथित तौर पर नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया।

खुद को उसके पिता और दादी का परिचित बताते हुए दो लोगों ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को अपने साथ ऑटोरिक्शा में बैठाया और उसे सुनसान जगह पर ले गए।

अधिकारी ने एफआईआर का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने ऑटो चालक को मौके से चले जाने को कहा और उसके साथ बलात्कार किया। अधिकारी ने बताया कि दोनों ने लड़की को धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

अधिकारी ने बताया कि बाद में लड़की मौके से भाग गई और घर जाकर अपने परिवार के सदस्यों को अपराध के बारे में बताया।

उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता की शिकायत पर अंबरनाथ पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत बलात्कार का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.