रामपुर। स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शहीदी दिवस के अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कैम्प कार्यालय, कूंचा काजी, रामपुर में किया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजन, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
सभा में बोलते हुए नगर कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष बाकर अली खां “हारून खां” ने कहा कि “राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने की नींव रखी थी। सूचना क्रांति, पंचायती राज और युवाओं को मताधिकार जैसे ऐतिहासिक फैसले उनकी दूरदर्शिता का परिचायक हैं। हम उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कटिबद्ध हैं।”
यूथ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव अरसलान अली खां ने कहा कि “राजीव गांधी युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने देश में तकनीकी और आधुनिक सोच को बढ़ावा दिया। आज का युवा उनके विचारों से प्रेरणा लेकर देश सेवा में आगे बढ़े, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
अल्पसंख्यक कांग्रेस के नगर अध्यक्ष वारिस मियां ने कहा कि “राजीव गांधी ने सदैव सौहार्द, भाईचारा और धर्मनिरपेक्षता की राजनीति को महत्व दिया। उनकी शहादत हमें याद दिलाती है कि नफरत के खिलाफ एकजुट होकर प्रेम और एकता के मार्ग पर चलना ही समय की आवश्यकता है।”
इस श्रद्धांजलि सभा में पूर्व प्रधान मोज्जम अली खां, आउटरीच कांग्रेस से शावेज़ खां, जहांगीर खां, फहीम पहलवान, काशिफ खां, अताउर रहमान गुड्डू सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
सभा का संयोजन आउटरीच कांग्रेस रामपुर के जिलाध्यक्ष फरीद खां ने किया। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए राजीव गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
